Tuesday, May 30, 2006

रिचर्ड फिलिप्स फाइनमेन-१

रिचर्ड फिलिप्स फाइनमेन बीसवीं शताब्दी के महानतम वैज्ञानिकों में से एक थे। इस चिट्ठी में चर्चा है कि मैंने कैसे उनके बारे में जाना। 

 लाल बाईंडिंग में, प्रसिद्ध पुस्तकें

यदि अलबर्ट आईनस्टाइन, बीसवीं शताब्दी के पहले भाग के सबसे चर्चित वैज्ञानिक थे तो रिचर्ड फिलिप्स फाइनमेन (फाइनमेन) इसके अन्तिम भाग के। वे कैल-टेक मे थे और १९६६ मे नोबेल पुरुस्कार से सम्मानित हुए। 

बीसवीं शताब्दी के बीच मे अच्छे विश्वविद्यालयों मे (जिसमे कैल-टेक भी शामिल था) भौतिक शास्त्र को पढ़ाये जाने के तरीके पर विवाद चल रहा था कि,

  • क्या भौतिक शास्त्र मे उसी तरह से उन्ही विषयों के साथ पढ़ाया जाय जैसे अभी तक पढ़ाया जा रहा था; या फिर
  • नयी तरह से नये विषयों के साथ पढ़ाया जाय। 

इस विवाद को फाइनमेन जैसा ही व्यक्ति अन्जाम दे सकता था। उनका रुतबा सब मानते थे। उनका सम्मान इसलिये नहीं था कि वह कैल टेक में थे पर कैल टेक दुनिया का सबसे अचछा भौतिक शास्त्र का विश्वविद्यालय इसलिये माना जाता था क्योंकि फाइनमेन वहां थे। 

फाइनमेन ने १९६१-६३ मे कैल-टेक मे स्नातक के विद्यार्थियों को भौतिक शास्त्र पढ़ाया - कितने भाग्यशाली थे वह विद्यार्थी। इतिहास गवाह है कि आज तक इतने बड़े वैज्ञानिक ने कभी स्नातक के विद्यार्थियों को नहीं पढ़ाया। इन तीन साल ने भौतिक शास्त्र को पढ़ाने की नयी दिशा दी - भौतिक शास्त्र नयी तरह से नये विषयों के साथ पढ़ाया जाने लगा। इन लेक्चरों को तीन पुस्तकों में बदला गया। यह लाल बाईंडिंग मे थीं और 'Lectures on Physics by Richard P Feynman के नाम से मशहूर हुईं। 

गणित और भौतिक शास्त्र हमेशा से मेरे प्रिय विषय थे। मैंने स्कूली जीवन, हवाई-जहाज के मौडल, ट्रांजिस्टर, तथा अन्य मौडल बनाते गुजारा। १९६० के दशक मे १२वीं पास कर जब स्नातक की कक्षा मे कदम रखा तो हमे भौतिक शास्त्र इन्ही लाल बाईंडिंग की पुस्तकों से पढ़ाया जाना शुरू किया गया। उस समय अपने देश मे शायद यह पुस्तकें कहीं और नहीं चलती थीं। तब से हम सब, न केवल कैल-टेक जाने की सोचने लगे, पर फाईनमेन के साथ काम करने का भी सपना संजोने लगे। मैं तो फाईल पलटने वाला बन गया पर मेरे कुछ मित्र न केवल कैल-टेक गये पर उन्हे फाइनमेन के साथ काम भी किया। 

फाईनमेन का व्यक्तित्व ही कुछ अलग ही था। इसमे उनके पिता का भी हांथ था। यह, और बहुत कुछ, जाने के अगली बार।

1 comment:

  1. On Wordpress in 'Regulas' theme you can customize the header picture very easily. In case of Tona-totka, he hasnt done any customization.

    ReplyDelete

आपके विचारों का स्वागत है।